
रायपुर, जल उपभोक्ता संस्था टेकारी के अंतर्गत आने वाले डायरेक्टर आउटलेट से लगभग 80- 90 एकड़ खेतों को सिंचाई पानी पहुंचाने वाले क्षतिग्रस्त क्रासिंग डी सी का बीते मई माह में आयोजित सुशासन तिहार में ध्यानाकर्षण के 114 दिनों बाद भी मरम्मत नहीं हो पाया है जिसके कारण इन खेतों को सिंचाई पानी नहीं मिल पा रहा जबकि अब सामयिक सिंचाई पानी की दरकार है ।
किसानों के ध्यानाकर्षण पर संस्था के अध्यक्ष रहे भूपेंद्र शर्मा ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान एक बार फिर इस ओर आकृष्ट करा अविलंब मरम्मत करवाने का आग्रह किया है । ज्ञातव्य हो कि महानदी जलाशय परियोजना के अंतर्गत महानदी सिंचाई मंडल व जल प्रबंध संभाग क्रमांक 01 के उपसंभाग क्रमांक 04 के अधीन पड़ता है यह संस्था । महानदी मुख्य नहर के 94 किलोमीटर के बाये साइड के डायरेक्टर आउटलेट पर यह क्रासिंग डी सी से टेकारी के करीबन 80-90 एकड़ खेतों को सिंचाई पानी मिलता है इससे । इसके क्षतिग्रस्त होने की ओर पूर्व में विभागीय अधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराने के बाद बीते 18 मई को ग्राम सिवनी में आयोजित सुशासन तिहार में श्री शर्मा ने आवेदन दे इस ओर ध्यानाकृष्ट कराया था ।
आवेदन में इसके साथ नहर प्रणाली में 3-4 स्थानों पर कुलापो की आवश्यकता होने के साथ – साथ पानी की बरबादी रोकने महानदी मुख्य नहर के समानांतर निकले नहर नाली के लाइनिंग की मांग भी की गयी थी ।बहरहाल इस आउटलेट से सिंचाई सुविधा पाने वाले किसानों की शिकायत पर श्री शर्मा ने अधीक्षण अभियंता एस एस के साहू , कार्यपालन अभियंता ललित रावटे व अनुविभागीय अधिकारी विनोद कुमार बहादुर को इसकी जानकारी दे अविलंब इस क्रासिंग डी सी की मरम्मत करवाने का आग्रह किया है ।





