पटना, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है. जहां प्रसाद हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में झुलसने और दम घुटने से 10 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि आधिकारिक तौर पर 4 मौतों की ही पुष्टि हुई है. जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. फिलहाल राहत व बचाव कार्य जारी है. घायलों को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है. मामले में अस्पताल की लापरवाही पर सवाल उठा हे हैं.
फायरमैन ने बताया कि उन्हें तड़के लगभग 3:50 बजे अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की टीम मुस्तैदी दिखाते हुए ठीक 4:00 बजे मौके पर पहुंच गई. वहां पहुंचने पर टीम ने देखा कि अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) वॉर्ड में भीषण आग लगी हुई थी. दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सूझबूझ से रेस्क्यू अभियान चलाकर वॉर्ड के भीतर फंसे 15 से 20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला. रेस्क्यू किए गए इन सभी मरीजों को तुरंत इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है. फायरमैन के मुताबिक, कड़ी मशक्कत के बाद अब आग पर काबू पा लिया गया है और फिलहाल परिस्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.
स्वास्थ्य मंत्री ने सवाल पूछने पर जोड़ लिए हाथ
वहीं, इस बड़े हादसे के बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना एयरपोर्ट से अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए. एयरपोर्ट पर जब मीडियाकर्मियों ने इस दर्दनाक घटना को लेकर उनसे सवाल पूछने चाहे, तो स्वास्थ्य मंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया. उन्होंने मीडिया के सामने सिर्फ हाथ जोड़े और बिना कुछ बोले आगे बढ़ते हुए दिल्ली की फ्लाइट पकड़ ली.
सीएम सम्राट चौधरी ने की मुआवजे की घोषणा
सीएम सम्राट चौधरी ने इस हादसे पर दुख जता है. उन्होंने ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए.







