रायपुर, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कल कलेक्टोरेट परिसर स्थित टाउनहॉल में शांति समिति की बैठक में सभी समाज के प्रमुख नागरिक शामिल हुए और उन्हें होली व अन्य त्यौहारों के मद्देनजर शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के निर्देश दिए गए। एडीएम उमाशंकर बंदे ने कहा कि होली का त्योहार आने वाला है और इस समय रमजान का महीना भी चल रहा है। नागरिकों से आग्रह है कि सौहार्द्र पूर्ण वातावरण में और भाईचारे के साथ इसे मनाएं। साथ ही प्रशासन से समन्वय बनाएं रखें। इस दौरान समाज प्रमुखों ने भी अपने-अपने सुझाव रखें।
खुली जीप अथवा अन्य चार पहिया वाहनों में समूह में एवं दो पहिया वाहनों में तीन सवारी बैठकर हुडदंग न करें और न ही लोंगो के घरों पर रंग डाले। तेज रफ्तार चलाने वाले वाहनों का चिंहाकन किया जाएगा और उन पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। मुखौटा लगाकर घूमने वालों पर भी सख्त कार्यवाही होगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्यवाही की जाएगी। हुडदंग करने वालों पर भी निगरानी रखी जाएगी, किसी भी तरह का अशांति फैलाने पर भी कार्यवाही होगी।
इस अवसर पर एडीएम उमाशंकर बंदे ने कहा कि होली का त्यौहार रंगों का त्यौहार है, जो हम सबके जीवन में खुशियां बिखेरते हुए रंगमय बनाता है। परीक्षाओं को ध्यान रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग धीमी स्वर में रात्रि 10 बजे तक ही किया जा सकेगा। बिजली के तार एवं टेलीफोन के खंबों के नीचे तथा डामर रोड पर होलिका दहन नही किया जाएगा। पुलिस द्वारा फिक्स पॉइंट बढ़ाया जाएगा। साथ ही बाईक पेट्रोलिंग की भी की जाएगी। होलिका दहन का कार्य निर्धारित समय से किया जाएगा। जबरदस्ती चंदा वसूलने पर कार्यवाही की जाएगी, होलिका दहन सड़क किनारे किया जाएं और होलिका दहन के बाद रेत डलवाने का कार्य किया जाएगा। शराब दुकाने शासन के नीति अनुसार होली के दौरान बंद रहेगी।
डीसीपी (उत्तर) मयंक गुर्जर ने कहा कि जो भी व्यक्ति नशा कर उत्पात मचाएगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री गुर्जर ने होली का त्योहार शांति पूर्वक मनाने आग्रह किया। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के गाईडलाइन को पालन करते हुए होली का त्योहार मनाने निर्देशित किया। साथ ही नकाब पहन कर हुडदंग करने वाले पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने कहा कि रोड़ पर डीजे लगाना मना है। किसी भी प्रकार से यातायात बाधित ना होने पाए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि किसी भी क्षेत्र में ऐसे व्यक्ति के कारण अगर शांति व्यस्था भंग होने की संभावना लगती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें। इस बैठक में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, डिप्टी कलेक्टर उत्तम रजक, उपेन्द्र किन्डो, एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा, एडीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल एडीसीपी उत्तर आकाश मरकाम सहित सभी सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




