
रायपुर, त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर जिले में तीन स्थानीय अवकाश घोषित किए गए हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, नवा रायपुर अटल नगर की ओर से जारी आदेश के तहत ये स्थानीय अवकाश घोषित किए हैं। हालांकि, ये अवकाश रायपुर शहर (राजधानी) स्थित शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं को छोड़कर जिले के शेष क्षेत्रों में लागू होंगे।
जारी आदेश के मुताबिक, जिले में नुआखाई, महाअष्टमी और गोवर्धन पूजा के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। इन दिनों संबंधित शासकीय कार्यालय और संस्थाएं बंद रहेंगी। स्थानीय अवकाश की घोषणा के बाद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्योहारों के दौरान सरकारी कामकाज को लेकर राहत मिलेगी।
इन तीन दिनों में रहेगा स्थानीय अवकाश
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के आदेश के अनुसार, 15 सितंबर 2026, मंगलवार को नुआखाई पर्व के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को महाअष्टमी और 9 नवंबर 2026, सोमवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।






