0 समाज सेवा और युवा जागरूकता में उत्कृष्ठ कार्य के लिए सम्मान
रायपुर, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नवसृजन मंच छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित “छत्तीसगढ़ महतारी अलंकरण सम्मान 2026” समारोह में समाज सेवा, युवा जागरूकता और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए कृषि महाविद्यालय नारायणपुर की डीन डॉ. रत्ना नशीने को सम्मानित किया गया।
रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में गत दिवस आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। डीन डॉ. नशीने को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से युवाओं में सामाजिक जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा नारायणपुर और अबूझमाड़ जैसे आदिवासी क्षेत्रों में जनजागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया।
अतिथियों ने डॉ. रत्ना नशीने के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से युवाओं में समाज सेवा, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई दिशा मिल रही है।कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रायपुर अंजली झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैकुंठपुर सुरेखा चौबे , महानिरीक्षक यातायात एवं रेल पुलिस, छत्तीसगढ़ मिलना कुर्रे, अध्यक्ष, अल्पसंख्यक आयोग, छत्तीसगढ़ अमर सिंह छाबड़ा, एम्स रायपुर से जे. जया रेखा तथा ‘ये ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा’ संस्था की अध्यक्ष श्रीमती तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएँ और नागरिक उपस्थित रहे।







