रायपुर, छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकीय और चिकित्सकीय पदों पर संविदा भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम स्थित मेडिकल कॉलेजों में की जाएगी।
जारी सूचना के अनुसार कुल 149 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें प्राध्यापक (Professor), सह-प्राध्यापक (Associate Professor), सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) और सीनियर रेजीडेंट (Senior Resident) के पद शामिल हैं।
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों और पात्रता शर्तों के अनुरूप संपन्न की जाएगी।चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन साक्षात्कार (इंटरव्यू) के आधार पर किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य नए मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ शिक्षकों और चिकित्सकों की नियुक्ति कर चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में भी मदद मिलेगी।







