रायपुर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर ने स्वास्थ्य क्षेत्र में शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट, नवा रायपुर के साथ समझौता ज्ञापन (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग – एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
D1JQ.jpeg)
यह एमओयू 2 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ, जिस पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सी. श्रीनिवास तथा एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डॉ. एली मोहापात्रा (डीन, अकादमिक), डॉ. अभिरुचि गल्होत्रा (डीन, अनुसंधान), डॉ. कृष्णदत्त चावली (डीन, छात्र कल्याण), डॉ. अविनाश इंगले (डीन, परीक्षा) तथा लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मवीर सिंह चौहान (उप निदेशक, प्रशासन) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और क्षमता निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। इस साझेदारी से ज्ञान के आदान-प्रदान, संयुक्त शैक्षणिक पहलों के विस्तार तथा स्वास्थ्य शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में पेशेवर विकास के अवसरों को नई गति मिलने की अपेक्षा है।






