
महासमुंद, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए महासमुंद जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 एवं 20 नवंबर को जिले के विभिन्न तहसीलों में कार्रवाई करते हुए अवैध धान के भंडारण एवं अनियमितता के मामलों में धान और चावल जब्त किया गया।
19 नवंबर को हुई कार्रवाई के तहत तहसील महासमुंद के ग्राम सरेकेल में कृषक भूषण साहू के पास से 103 पैकेट अवैध धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। तहसील सरायपाली के ग्राम मलदामाल में वासुदेव भोई के गोदाम से लगभग 550 कट्टा रबी फसल का धान पाए जाने पर जब्त कर थाना सिंघोड़ा को सुपुर्द किया गया। वहीं तहसील पिथौरा के ग्राम भुरकोनी स्थित कामेश्वरी ट्रेडर्स से 280 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

20 नवंबर को भी जारी रही कार्रवाई के तहत कोमाखान स्थित मेसर्स गुरुदेव इंडस्ट्रीज राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान कमी पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई की गई। यहां कुल 4,412 कट्टा धान एवं 1,160 कट्टा चावल जब्त किया गया। इसी तरह तहसील बसना के ग्राम जलकोट में बसंत प्रधान पिता डमरूधर प्रधान के पास से 51 पैकेट अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की गई। तहसील कोमाखान के ग्राम बोड़रीदादर निवासी सरोज चंद्राकर पति नरेश चंद्राकर के गोदाम से भी 200 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
बरनईदादर उपार्जन केंद्र के खरीदी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी
प्राप्त शिकायत के अनुसार, महासामुंद जिले के धान उपार्जन केंद्र बरनईदादर (समिति पथरला) में ग्राम भातखुदा के कृषक कांतिलाल पटेल द्वारा 19 नवंबर 2026 को एक ही दिन में 80 क्विंटल धान का विक्रय किया गया था। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मामले की जांच की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित कृषक के नाम कुल 2.5200 हेक्टेयर भूमि पंजीकृत है, जिसमें से 2.2400 हेक्टेयर भूमि में धान की फसल दर्ज है।
शासन की धान उपार्जन नीति के अनुसार प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी का प्रावधान है। जांच के दौरान किए गए पंचनामा के अनुसार कृषक की लगभग 2 एकड़ भूमि में ही फसल कटाई हुई थी। इस आधार पर लगभग 42 क्विंटल धान ही उपार्जन योग्य होना संभावित था, जबकि कृषक द्वारा 80 क्विंटल धान का विक्रय किया गया।प्रथम दृष्टया निर्धारित उपार्जन मात्रा से अधिक धान विक्रय का मामला पाए जाने पर कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर संबंधित कृषक का भुगतान रोक दिया गया है। साथ ही, उपार्जन केंद्र बरनईदादर के खरीदी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।







