
नईदिल्ली, संसद का सत्र कल (30 नवंबर) से शुरू हो रहा है। इस बार महिला आरक्षण बिल को संसद में पास कराने के लिए सरकार एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। विपक्षी ब्लॉक के सियासी दलों को भी साधा जा रहा है। सरकार बिल्कुल भी नहीं चाहती कि पिछली बार की तरह इस बार ये बिल संसद में अटककर रह जाए। बीआरएस से लेकर टीएमसी तक ने इस बिल के समर्थन का ऐलान कर दिया है।

सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा और राज्यों की विधानसभा की सीटें बढ़ाने का भी जिक्र है। लोकसभा की सीटें बढ़ाकर अधिकतम 850 तो वहीं विधानसभाओं की सीटें बढ़ाकर अधिकतम 650 तक करने की तैयारी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी है। लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल खुलकर इसके विरोध में उतर आए हैं। अब देखना ये है कि क्या मोदी सरकार अपने दावे के मुताबिक इस बार महिल आरक्षण बिल को पास करा लेगी या विपक्ष उसे अपने चक्रव्यूह में फंसाने में कामयाब हो जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में ‘इंडिया’ गठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात की है। सभी नेताओं के बीच इस पर चर्चा शुरू हो गई है। सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले हुई इस बैठक में विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को समर्थन देने के फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए स्टालिन को मनाने की कोशिश की। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का मानना है कि लोकसभा सीटों को बढ़ाने वाला यह बिल लोकतंत्र और विपक्ष के हितों के खिलाफ है, जबकि स्टालिन और डीएमके नेताओं ने साफ कहा है कि संशोधित बिल में तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व और हितों की सुरक्षा से जुड़ी शर्तें शामिल होने के कारण ही उन्होंने इसका समर्थन करने का फैसला लिया है।







