
लखनऊ, उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हो गया. गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा गांव में एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा. इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई. पूरा हादस 11:50 बजे हुआ. चार सीटों वाले इस ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट के खेत में गिरते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. तेज आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले पायलटों में सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि को-पायलट अभिषेक कर्नाटक के निवासी बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया. अधिकारियों की टीम दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है. घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
विमान हादसे बाद इसके कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें विमान पूरी तरह से चकनाचूर नजर आया. वीडियो में कॉकपिट के पास फंसा हुआ एक पायलट नजर आ रहा है. विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर पड़ी हुई है. घटना की सूचना DGCA को दे दी गई है. तकनीकी और अन्य विस्तृत जांच DGCA की टीम द्वारा की जाएगी.







