नईदिल्ली, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आज गुरुवार को प्रेसवार्ता कर बता दिया है कि उनका अगला कदम क्या होने वाला है. अभिजीत ने बताया कि CJP सितंबर से ‘क्या बोलती है पब्लिक’ नेशनवाइड मूवमेंट शुरू करने जा रही है. इस दौरान उन्होंने CJP की विचारधारा को लेकर भी बात कही. अभिजीत ने बताया कि CJP की विचारधारा वही है, जो इस देश के संविधान की विचारधारा है.
NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर में आंदोलन के बाद अब CJP ने बड़ा ऐलान कर दिया है. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि पब्लिक की आवाज को सुनने के लिए सितंबर से ‘क्या बोलती है पब्लिक’ नेशनवाइड मूवमेंट शुरू किया जा रहा है. अब पब्लिक की आवाज सुनने का समय आ चुका है. पब्लिक को अपनी बात रखनी पड़ेगी. अगर आप पब्लिक की बात नहीं सुनेंगे तो ये पब्लिक सड़कों पर उतर जाएगी.
अभिजीत दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर के बाद हमें समझ आया है कि ये जो जेंजी हैं. इन लोगों को इग्नोर किया जाता है, इनसे कोई बात नहीं करता है. न कोई पूछता कि आपकी जरूरत क्या है? आपकी समस्या क्या है? आपके सपने क्या हैं? देश को लेकर आपकी क्या उम्मीदें हैं? इस देश की 65 प्रतिशत जनसंख्या 35 साल से नीचे की है.
चुनावी राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी CJP
उन्होंने आगे कहा, यही लोग देश के भविष्य हैं. यही लोग आगे चलकर देश को चलाएंगे. जो लोग देश के भविष्य हैं, उनको इग्नोर करके, उनसे बिना बात किए बिना आप कैसे कोई पॉलिटिकल या पालिसी का निर्णय ले सकते हैं. इसको लेकर सीजेपी पूरे देश में घूमेगी और बातचीत कर समझेगी कि इनकी क्या मांग है? अभिजीत दीपके ने कहा, CJP कोई चुनावी राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी, बल्कि देश के लोकतांत्रिक संस्थानों और शासन में जवाबदेही तय करने के लिए एक मजबूत पब्लिक प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करेगी.
किन मुद्दों को लेकर काम करेगी CJP?
कॉकरोच जनता पार्टी के मुखिया अभिजीत दीपके ने जनता से जुड़े बड़े मुद्दे उठाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि एजुकेशन रिफॉर्म्स हमारी टॉप प्रायोरिटी रहेगा, क्योंकि आज हमारे देश की जो भी हालत हैं. वो इसी की वजह से हैं क्योंकि एजुकेशन प्रायोरिटी नहीं है.
CJP के प्रमुख मुद्दे
- शिक्षा व्यवस्था में सुधार
- न्याय व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाना
- रोजगार CJP में किसकी क्या जिम्मेदारी?
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने इस दौरान अपने कोर कमिटी का भी ऐलान किया है. जिसमें सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है. वहीं आशुतोष रांका और सौरभ अब सह-संयोजक की जिम्मेदारी निभाएंगे. इसके अलावा अजिंक्य शिंदे को संगठन प्रभारी, दीपक बाल्यान को संगठन का सह प्रभारी, आफरीन नवाज को राष्ट्रीय सचिव, विजय रेड्डी को मीडिया कोऑर्डिनेटर और रत्ना सिंह को लीगल हेड की जिम्मेदारी दी गई है.







