
रायपुर, छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है.दरअसल, दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी अब बसों से दिल्ली कूच करेंगे. इसी बीच रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेन देने से इनकार करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपना प्लान बदल दिया है.
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने इस महारैली के लिए 30 से ज्यादा लग्जरी बसों की बुकिंग की है. छत्तीसगढ़ से करीब 5 हजार से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे.
क्या है पूरा मामला ?
बताते चलें, छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली के लिए रेलवे से स्पेशल ट्रेन की मांग की थी, लेकिन रेलवे ने ट्रेन देने से मना कर दिया. इसके बाद अब कांग्रेस ने बसों के जरिए कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की व्यवस्था की है.
1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली
बता दें कि, देशभर में वोट चोरी का मुद्दा और उसको लेकर हो रहा विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. तमाम विपक्षी दल देश के अलग-अलग शहरों में विरोध कर रहे हैं. तो वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करने जा रही है. इस रैली को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ नाम दिया गया है.
राहुल गांधी ने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से इसमें शामिल होने की अपील की है. उनका कहना है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों को आगे आना होगा. दूसरी तरफ दिल्ली के छोटे-बड़े व्यापारी राहुल गांधी से इस रैली की तारीख बदलने की मांग कर रहे हैं.राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए गए हैं. इसके साथ ही चुनाव से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है.







