
0 चार जिलों में निर्माण कार्यों की पड़ताल, लोक निर्माण विभाग के सचिव ने मौके पर दिए सख्त निर्देश
रायपुर. लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक चार जिलों में सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पताल और अन्य निर्माण एवं संधारण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता परखी तथा अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
श्री बंसल ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और सड़क संधारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने तथा सुधार नहीं होने पर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता मानकों के पालन और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
लोक निर्माण के सचिव बंसल ने प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर तथा संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंताओं व अनुविभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदारों के साथ जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, बागबहार, कोतबा, लुड़ेग, सीतापुर, पत्थलगांव, मैनपाट, दरिमा, राजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में सड़कों की स्थिति तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सड़क संधारण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

*दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश*
सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान संधारण अवधि में संबंधित ठेकेदारों द्वारा समुचित रखरखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर सचिव श्री बंसल ने दोनों मार्गों के ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के संबंध में नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा संधारण कार्य नहीं किए जाने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल में पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए।
*कमलेश्वरपुर कॉलेज भवन के निर्माण की समय-सीमा तय, मेडिकल कॉलेज के ठेकेदार को नोटिस
कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान सचिव श्री बंसल ने आगामी 15 दिसम्बर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब की ढलाई और 15 जनवरी 2027 तक भूतल के पूरे स्लैब का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेज निर्माण के लिए चिह्नांकित भूमि का सीमांकन कराने तथा अवैध कब्जा पाए जाने पर कलेक्टर के साथ समन्वय कर उसे हटाने की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन कॉलेज भवन में टाटा वायरॉन फेंसिंग (Tata Wiron Fencing) का कार्य कराने के भी निर्देश दिए गए।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर श्री बंसल ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी अभियंता नियुक्त करने को कहा। निगरानी व्यवस्था के तहत उप अभियंता को प्रतिदिन, अनुविभागीय अधिकारी को दो दिनों में एक बार तथा अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को प्रत्येक 30 दिनों में निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कार्यपालन अभियंता को भी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
*दरिमा एयरपोर्ट के सामने रि-कारपेटिंग और बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश*
दरिमा एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान सचिव श्री बंसल ने टर्मिनल भवन के सामने सड़क पर रि-कारपेटिंग कराने तथा एयरपोर्ट के किनारे बीसीएएस (BCAS) के मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में घास की कटाई तत्काल प्रारंभ करने को कहा। श्री बंसल ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय भवन एवं सड़क परिसर का भी निरीक्षण किया।
*89 करोड़ की लागत से उन्नत राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का लिया जायजा*
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सचिव श्री बंसल ने केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) योजना के अंतर्गत उन्नयन और मजबूतीकरण किए गए राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण किया। इस वर्ष जनवरी में 29.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क का 89 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से उन्नयन और मजबूतीकरण किया गया है। यह सड़क पांच वर्षों की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है। श्री बंसल ने सड़क की स्थिति और संधारण व्यवस्था का जायजा लिया।







