कोलकाता, भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए रविवार की शाम दोहरी खुशी लेकर आई. विकेटकीपर ओपनर संजू सैमसन की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने सुपर-8 के अंतिम मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से शिकस्त देकर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया. भारत की टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी रन चेज की. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मिली इस शानदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने खिताबी जीत की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं. सेमीफाइनल की जंग और भी रोमांचक होने वाली है, क्योंकि 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड से होगा.
सैमसन की शानदार फॉर्म और टीम इंडिया के बढ़ते आत्मविश्वास ने फैंस की उम्मीदें सातवें आसमान पर पहुंचा दी हैं. इस जीत ने न केवल भारत को अंतिम-4 में पहुंचाया, बल्कि विरोधी टीमों को भी कड़ा संदेश दे दिया है कि ‘मेन इन ब्लू’ अब ट्रॉफी से चंद कदम ही दूर हैं.

वेस्टइंडीज की ओर से रखे गए 196 रन के लक्ष्य पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 19. 2 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने आए अभिषेक शर्मा फेल रहे. फील्डिंग में दो कैच छोड़ने वाले अभिषेक बल्लेबाजी में भी फ्लॉप रहे. वह 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें अकील हुसैन की गेंद पर शिमरोन हेटमायेर ने कैच किया. तीसरे नंबर पर उतरे ईशान किशन भी लगातार दूसरी पारी में फ्लॉप रहे. उन्हें जेसन होल्डर की गेंद पर हेटमायेर ने कैच किया. ईशान छह गेंदों पर 10 रन बना सके. कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर चलते बने. तिलक वर्मा ने 15 गेंदों पर 27 रन बनाए. हार्दिक पंड्या 13 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए.
भारत के खिलाफ ‘क्वार्टर फाइनल’ की तरह खेले गए टी20 वर्ल्ड कप सुपर आठ मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 4 विकेट पर 195 रन बनाए. रोस्टन चेस ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 25 गेंद में 40 रन बनाए. उन्होंने शाइ होप के साथ पहले विकेट के लिये 68 रन की साझेदारी की. होप ने 33 गेंद में 32 रन बनाए. दोनों ने अच्छी शुरूआत करते भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया. भारत ने हालांकि 12वें ओवर में वापसी की जब जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट चटकाए. इसके बाद हालांकि रोवमैन पॉवेल और जैसन होल्डर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की. पॉवेल ने 19 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 34 रन बनाये जबकि होल्डर ने 22 गेंद में 37 रन बनाये जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे.बीच के ओवरों में बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन भारत ने उन्हें डैथ ओवरों के लिये बचाकर रखा जिसका कोई फायदा नहीं हुआ.






