
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल में इन दिनों एक दुर्लभ सफेद भालू की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। पेंड्रा वन परिक्षेत्र के कुदरी गांव में सड़क किनारे घूमते इस अनोखे भालू को राहगीरों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सफेद रंग का भालू सड़क पार कर पहाड़ी की ओर जाता दिखाई दे रहा है। भालू की लगातार मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में कौतूहल के साथ डर का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह भालू अचानक जंगल में दिखाई देने वाला कोई नया मेहमान नहीं है। पिछले करीब एक साल से कुदरी और कुड़कई के जंगलों में इसकी आवाजाही बनी हुई है। सूरज ढलते ही यह जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों के आसपास पहुंचता है और कुछ देर बाद वापस पहाड़ी की ओर लौट जाता है।
इस दुर्लभ भालू की गतिविधियां केवल कुदरी गांव तक सीमित नहीं हैं। बीते 26 और 27 अक्टूबर की शाम इसे गिरारी स्थित पटियाला हाउस रेस्टोरेंट के पास देखा गया था। इससे पहले 30 जुलाई को जमड़ीखुर्द और करीब पांच महीने पहले आमादांड गांव में भी ग्रामीणों ने इसी सफेद भालू को देखने का दावा किया था। लगातार अलग-अलग इलाकों में इसकी मौजूदगी से वन्यजीव प्रेमियों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग
शाम होते ही जंगल से निकलकर आबादी के करीब पहुंचने वाले भालू को लेकर किसान और राहगीर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से शाम के समय गश्त बढ़ाने और भालू की लोकेशन पर नजर रखने की मांग की है।







