नईदिल्ली, एजेंसी, एशिया कप में शनिवार को भारत-पाकिस्तान मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को जीत के लिए 267 रन का टारगेट दिया था, लेकिन पाकिस्तान की पारी बारिश के कारण शुरू भी नहीं हो सकी।

पहली पारी भारतीय टाइमिंग के मुताबिक 7:44 बजे खत्म हुई थी। इस हिसाब से 8:14 बजे तक दूसरी पारी शुरू होनी थी। मैच का कटऑफ टाइम रात 10:27 बजे तय किया गया था। यानी इस समय तक मैच दोबारा शुरू हो जाता तो पाकिस्तान की पारी में कम से कम 20 ओवर हो पाते। वनडे मैच में नतीजा सामने आने के लिए 20 ओवर का खेल जरूरी है। हालांकि रात 9:50 बजे ही मैच रद्द करने का फैसला ले लिया गया, क्योंकि उस समय भी बारिश थमी नहीं थी। भारत अपना अगला मुकाबला 4 सितंबर को नेपाल के खिलाफ कैंडी में ही खेलेगा।
पंड्या-किशन की पारियों से भारत ने बनाए 266 रन
भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 266 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उपकप्तान हार्दिक पंड्या ने 87 और ईशान किशन ने 82 रनों की पारी खेली। टीम का टॉप ऑर्डर फेल रहा।
शाहीन ने रोहित, कोहली और हार्दिक के विकेट लिए
पाकिस्तान के लिए सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए। शाहीन शाह अफरीदी को सबसे ज्यादा 4 विकेट मिले, उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या और रवींद्र जडेजा के विकेट लिए। वहीं हारिस रऊफ और नसीम शाह को 3-3 विकेट मिले।
फ्लॉप रहा टॉप ऑर्डर
भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर फ्लॉप रहा। कप्तान रोहित शर्मा 11, विराट कोहली 4, श्रेयस अय्यर 14 रन और शुभमन गिल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रोहित-विराट को शाहीन ने बोल्ड किया, जबकि अय्यर और गिल को रऊफ ने पवेलियन भेजा।
पंड्या ने 96.67 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए
टॉप-4 विकेट जल्दी गंवाने के बाद नंबर-6 पर उतरे हार्दिक पंड्या ने 87 रनों की पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 पार पहुंचाया। उन्होंने वनडे करियर की 11वीं फिफ्टी जमाई। पंड्या ने 96.67 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पंड्या की 90 बॉल की पारी में 7 चौके और एक छक्का शामिल रहा।

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने ईशान को आउट करने के बाद उन्हें पवेलियन जाने का इशारा किया।
ईशान की वनडे में लगातार चौथी वनडे फिफ्टी
ईशान किशन 81 बॉल पर 82 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंनें करियर की 7वीं फिफ्टी जमाई। यह किशन की वनडे में लगातार चौथी फिफ्टी भी रही। इससे पहले किशन ने वेस्टइंडीज दौरे पर लगातार 3 वनडे में 52, 55 और 77 रन की पारियां खेली थीं। ईशान पहली बार ही पाकिस्तान के खिलाफ वनडे खेलने उतरे और फिफ्टी लगा दी। उनके नाम एक दोहरा शतक भी है।
हार्दिक-ईशान की रिकॉर्ड पार्टनरशिप
हार्दिक पंड्या और ईशान किशन ने भारत को शुरुआती झटकों से उबारा और सेंचुरी पार्टनरशिप की। दोनों में 5वें विकेट के लिए 141 गेंद पर 138 रनों की साझेदारी हुई। ईशान 82 रन बनाकर हारिस रऊफ का शिकार हुए और ये पार्टनरशिप टूटी। 5वें विकेट के लिए 138 रन की पार्टनरशिप एशिया कप में भारत के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। दोनों ने राहुल द्रविड़ और युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, उन्होंने 2004 में श्रीलंका के खिलाफ 133 रन की पार्टनरशिप की थी। हार्दिक-ईशान की साझेदारी पाकिस्तान के खिलाफ भी भारत से 5वें विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। इससे पहले राहुल द्रविड़ और मोहम्मद कैफ ने 2005 में कानपुर के मैदान पर 135 रन की पार्टनरशिप की थी।
पावरप्ले-1: भारत ने 10 ओवर में 3 विकेट गंवाए
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत संभली हुई थी। टीम ने 4.2 ओवर तक बगैर नुकसान के 15 रन बना लिए थे, तभी बारिश होने लगी। बारिश के बाद जब खेल फिर शुरू हुआ तो भारत ने 10 गेंद के अंदर ही 2 विकेट गंवा दिए। कप्तान रोहित शर्मा 11 और विराट कोहली 4 रन बनाकर शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर बोल्ड हो गए। फिर 10वें ओवर में हारिस रऊफ ने श्रेयस अय्यर को कैच आउट करा दिया। अय्यर 14 रन ही बना सके। पावरप्ले के बाद ओपनर शुभमन गिल 32 बॉल पर 10 रन बनाकर आउट हुए।







