
बिलासपुर. बिलासपुर वन मंडल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सीपत वन परिक्षेत्र कार्यालय में कथित रूप से शराब पार्टी का वीडियो वायरल हो रहा है. जंगल सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अधिकारी ही नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखे. वायरल वीडियो के सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है. वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.
पूरा मामला दीपावली के दूसरे दिन सोमवार का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़वाल खुद किचन में खाना बनाते नजर आ रहे हैं. वे कार्यालय के अंदर चिकन और मटन की डिश तैयार कर रहे थे. कार्यालय परिसर में करीब 10 से 15 अन्य बाहरी युवक भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं. टेबल पर डिस्पोजल गिलास रखे हुए थे. दफ्तर के अंदर पूरी तरह से दावत का माहौल बना हुआ था. वीडियो बनाने वाले ने जब परिसर में पार्टी को लेकर सवाल पूछे, तो विवाद बढ़ गया. डिप्टी रेंजर जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वाले पर ही भड़क गए. उन्होंने उल्टा पूछा कि बिना इजाजत अंदर आने की हिम्मत कैसे हुई. डिप्टी रेंजर ने उस कमरे को अपना ‘प्राइवेट रूम’ करार दे दिया.
अब यह सवाल उठ रहा है कि सरकारी कार्यालय किसी का निजी कमरा कैसे हो सकता है? क्या इसके लिए विभाग से कोई लिखित अनुमति ली गई थी? हालांकि इस मामले में उक्त अधिकारी को विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, जिसके बाद उक्त मामले में कार्रवाई हो सकती है.








