रांची, झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को CID ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन और विधानसभा घेराव जारी है।
एल. खियांग्ते पर JPSC की परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं से जुड़े मामले में जांच चल रही थी। इससे पहले CID ने मामले की जांच के दौरान कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।
छात्रों के आंदोलन के बीच बड़ी कार्रवाई
JPSC-JSSC नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलनरत हैं। प्रदर्शनकारी JPSC की 14वीं परीक्षा समेत नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।वहीं, परीक्षा विवाद की जांच के बीच JPSC के तीन सदस्यों ने भी रविवार को इस्तीफा दे दिया था। CID ने इन सदस्यों को पूछताछ के लिए समन किया था।
जांच में आगे और खुल सकते हैं राज
एल. खियांग्ते की गिरफ्तारी को JPSC परीक्षा विवाद की जांच में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब जांच एजेंसी उनसे परीक्षा प्रक्रिया, कथित अनियमितताओं और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर सकती है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी गिरफ्तारियां या नए खुलासे होने की संभावना है।







