रायपुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने मंगलवार (21 जुलाई) को लोकभवन के पास कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी नेताओं का कहना है कि नीट परीक्षा में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं. कैबिनेट मिनिस्टर को इस्तीफा दे देना चाहिए. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसबल को तैनात किया गया है. कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी देखने को मिली.

दरअसल, कांग्रेस ने मंगलवार की शाम को पीएम आवास के बाहर बड़े स्तर पर धरना दिया. इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए. इस दौरान दिल्ली पुलिस धरनास्थल पर पहुंची. राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने डिटेन कर लिया है. इस दौरान राहुल गांधी की नाक में चोट लग गई. नाक से खून बह गया. दोनों नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम में रखा गया है.
भूपेश भी हिरासत में
दिल्ली में हुए कांग्रेस के धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी शामिल हुए. उन्हें भी डिटेन कर लिया गया. उन्होंने सोशल मीडिया में पोस्ट करके जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर से पुलिस ने हमारे वरिष्ठ नेताओं के साथ मुझे भी बस में बैठा लिया है. एयरपोर्ट की तरफ कहीं लेकर जा रहे हैं. दिल्ली पुलिस ने मेरा एक जूता भी ले लिया है.
कांग्रेसियों ने पीएम का पुतला फूंका
दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने अंबेडकर चौक में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम युवा भी शामिल हुए। बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे भीगते हुए प्रदर्शन में डटे रहे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों पर हुई कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
कांग्रेस ने सरकार के सामने रखी तीन मांग
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री शधर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा.
- परीक्षा में हुई अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य की रक्षा करने में सरकार की विफलता पर संसद में पूरी चर्चा.
- दिल्ली की घटनाओं को लेकर कल छात्रों के खिलाफ दर्ज की गई सभी FIR वापस ली जाएं.







