
रायपुर, प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले दो महीने तीन परीक्षाएं होने जा रही हैं। प्रदेश में पांच हजार नियमित शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया के तहत नवंबर और दिसंबर में अलग-अलग परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाकर दिसंबर कर दी गई है। वहीं व्याख्याता भर्ती परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 नवंबर को होगी। परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव के चलते अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
परीक्षाओं की तारीख दिसंबर में निर्धारित
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, नियमित भर्ती के तहत व्याख्याता के 854, शिक्षक के 1,654, सहायक शिक्षक के 2,292 और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 5,000 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। सहायक शिक्षक भर्ती भर्ती परीक्षा 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। अब दोनों परीक्षाओं की तारीख दिसंबर में निर्धारित की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों के पास तैयारी के लिए अतिरिक्त समय है।
कब होगी परीक्षाएं
व्याख्याता भर्ती : 29 नवंबर 2026 को।
सहायक शिक्षक भर्ती : 6 दिसंबर 2026 को।
शिक्षक भर्ती : 20 दिसंबर को।







