0 छत्तीसगढ़ बैंक एम्पलाईज एसोसिएशन का 5वा त्रैवार्षिक अधिवेशन
रायपुर, छत्तीसगढ़ बैंक एम्पलाईज एसोसिएशन का 5वा त्रैवार्षि अधिवेशन में मुख्य अतिथि कॉमरेड सी एच वेंकटाचलम ने आज की विपरीत परिस्थिति में बैंकिंग एवं फाइनेंसियल सेक्टर पर बेबाक प्रकाश डाला । उन्होंने बैंक निजीकरण का विरोध करते हुए यह जानकारी दी कि बैंक निजीकरण को विभिन्न सरकारों द्वारा 1991 से लाया जाता रहा है और यूनियनों द्वारा इसके विरोध में पिछले 36 वर्षों में 54 हड़ताल की गई हैं और ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने बैंक कर्जदारों के बारे मे जानकारी देते हुए बताया कि बैंको में हिंदुस्तान के गरीब जनता का 2.25 लाख करोड़ रुपए है । करीब 6 लाख करोड़ रूपए का ऋण भारत के बड़े घरानों द्वारा लिया गया था उसकी वसूली न होने पर उसे माफ कर दिया गया जिससे बैंकों के शुद्ध लाभ में वित्तीय नुकसान हुआ ।
उन्होंने लेबर कोड पर भी भारत सरकार की नीतियों पर विरोध जताते हुए कहा कि फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट युवाओं के भविष्य के लिए अति हानिकारक है।असंगठित क्षेत्रों के मजदूर जो भारत में करीब 40 करोड़ से ऊपर है, उन्हें संगठित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रम कानून में सरकार द्वारा बदलाव लाया जाना कि हड़ताल हेतु 60 दिनों की पूर्व नोटिस पीरियड एवं सम्मिलित होने के लिए बैंक के मेंबर साथियों का मत लेना आपत्तिजनक है ।
कॉमरेड शिरीष नलगुंडवार चेयरमैन बने
सभा के दूसरे चरण के प्रतिनिधि सत्र में सीजीबीईए के महासचिव कॉमरेड शिरीष नलगुंडवार ने महासचिव प्रतिवेदन सभा के सम्मुख प्रस्तुत किया। कॉमरेड एसके अग्रवाल कोषाध्यक्ष द्वारा अकाउंट्स प्रस्तुत किया गया। सभा के अंत में वर्ष 2026 से 2029 तक के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। कॉमरेड शिरीष नलगुंडवार चेयरमैन, कॉमरेड ओम वर्मा अध्यक्ष, पीके दास महासचिव एवं अजय कुलकर्णी कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। अन्य साथियों का भी अन्य पदों में निर्वाचन हुआ । एआईबीईए के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड सी एच वेंकटाचलम ने नई कार्यकारिणी में निर्वाचित हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
राजकीय गमछा पहनाकर स्वागत
सीजीबीईए के महासचिव कॉमरेड शिरीष नलगुंडवार के नेतृत्व में यह अधिवेशन गरिमापूर्ण माहौल में गत दिवस राजधानी रायपुर के होटल ग्रैंड इम्पीरिया वीआईपी रोड में हुआ। मुख्य अतिथि एआईबीईए के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड सी एच वेंकटाचलम, विशेष अतिथि एआईबीओए के छत्तीसगढ़ प्रदेश के चेयरमैन कॉमरेड एस के मुखर्जी (पप्पू दादा) एवं स्वागत समिति के अध्यक्ष कॉमरेड अनिल साखरकर थे। अतिथियों को छतीसगढ़ का राजकीय गमछा पहनाकर एवं बस्तर आर्ट से बना स्मृति चिह्न दे कर सम्मानित किया गया ।
अधिवेशन में इनकी भी सहभागिता रही
सर्वप्रथम स्वागत समिति के अध्यक्ष कॉमरेड अनिल साखरकर ने सभी साथियों का स्वागत करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ के इतिहास,परंपरा एवं सामाजिक,आर्थिक,भौगोलिक विशेषताओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी । कॉमरेड एस के मुखर्जी ने अपने उद्बोधन में पूर्व से लेकर आज तक अधिकारियों एवं अन्य यूनियन की गतिविधियों की जानकारी दी। अधिवेशन में विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी कॉमरेड धर्मराज महापात्रा एलआईसी यूनियन की तरफ से, कॉमरेड सुरेश बानी इनबेफ की तरफ से, कॉमरेड रत्नेश चौधरी पंजाब एंड सिंध बैंक के अधिकारी संगठन के तरफ से, कॉमरेड हरिनाथ सिंह एआईटीयूसी के तरफ से शामिल हुए ।






