रायपुर, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांतवादी पार्टी है तथा सदैव मूल्यों की राजनीति करती है। उन्होंने वैचारिक अनुष्ठान विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि भाजपा ने एकात्म मानव दर्शन की विचारधारा को अंगीकृत किया है। भाजपा के सिद्धांतों की जड़े हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति में निहित है और यह सिद्धांत आधुनिकता, विज्ञान व तकनीक और लोकतंत्र से तालमेल रखते हैं।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत मंदिर हसौद मंडल का दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग कौशल्या माता मंदिर के समीप कायस्थ भवन चंदखुरी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को विभिन्न वक्ताओं ने संगठन की विचारधारा और कार्य पद्धति से अवगत कराया । प्रशिक्षण कार्यक्रम में वक्ता के रूप में मुख्य रूप से अशोक बजाज के अलावा संतोष शुक्ला, संचित तिवारी, अरविंद ठाकुर एवं राजेश साहू शामिल हुए जिन्होंने संगठन की रीति – नीति, कार्य प्रणाली और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रत्येक सत्र की अध्यक्षता क्रमशः शोभा राम यादव, प्रतीक बैस, अशोक बंजारे, कुलेश्वर बैस तथा के. आर. साहू ने की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोपाल वर्मा, श्रीमती ललिता कृष्णा वर्मा एवं अभिनेष बॉबी कश्यप सहित मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।







