रायपुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2026 को कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन सृजन का वर्ष घोषित किया है। छत्तीसगढ़ में भी संगठन सृजन के माध्यम से जिला अध्यक्षों एवं ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों का चयन भी किया जा चुका है। मंडल अध्यक्षों का भी चयन हो चुका है। जिला एवं ब्लाक स्तर की कार्यकारिणी बनाने का काम प्रगति पर है।
दीपक बैज ने बताया कि 31 मार्च तक सभी जिलों में जिला एवं ब्लॉक की कार्यकारणी का गठन पूरा कर लिया जायेगा। हमने संगठन के निचले पायदान पर भी गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वार्डों, ग्रामों एवं बूथ कमेटियों के भी पुनरीक्षण का काम चल रहा है। मैंने बस्तर, दंतेवाड़ा, महासमुंद, रायगढ़, जशपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, कोरबा ग्रामीण जिलों का दौरा कर 10 जिलों, 20 विधानसभा क्षेत्र के बूथ, वार्ड, ग्राम कमेटियों के गठन की प्रक्रिया में शामिल हुआ। संगठन के विस्तार में कार्यकर्ता, नेताओं का जबरदस्त उत्साह है। 31 मार्च तक हमारा सांगठनिक ढांचा पूरी तरह तैयार हो जायेगा।







