
नई दिल्ली, 12 भारतीय प्रवासियों को लेकर एक विमान नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इन भारतीयों को पनामा से लाया गया है। अमेरिका अपने यहां पकड़े गए अवैध लोगों को पनामा में शिफ्ट कर रहा है। इसके बाद वहां से उनके देश भेजा जा रहा है।
पनामा से भारत आने वाली यह पहली फ्लाइट है। अधिकारियों के मुताबिक इनमें से चार लोग पंजाब के रहने वाले हैं। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के तीन-तीन युवक शामिल हैं। पहले तीन जत्थों में अमेरिका 332 भारतीयों को वापस भेज चुका है। अब तक कुल 344 भारतीय को वतन भेजा जा चुका है।
तुर्की एयरलाइंस से भेजे गए सभी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पनामा से इन 12 भारतीयों को तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट से नई दिल्ली लाया गया है। इसके बाद पंजाब के रहने वाले चार लोगों को एक अन्य फ्लाइट से अमृतसर भेजा गया है।
पनामा के होटल में ठहरे अवैध प्रवासी
पनामा में दूसरे देशों के करीब 300 प्रवासियों को अस्थायी तौर पर रखा जा रहा है। इन्हें पनामा के डेरियन जंगलों में एक दूर के शरणार्थियों के लिए तय किए गए होटल में रखा गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो पनामा ने इन प्रवासियों को डैकेपोलिस नाम के एक होटल में रखा है। यहां लोगों को अपने कमरे तक छोड़ने की इजाजत नहीं है। बुधवार को इसी होटल की खिड़की से कुछ अप्रवासियों को हाथ हिलाकर मदद मांगते देखा गया था। मीडिया के सामने इन लोगों ने खुद को बचाने की गुहार भी लगाई थी।
अमेरिका ने अब तक कितने भारतीयों को वापस भेजा
अमेरिका अब तक तीन सैन्य विमानों के जरिए 332 भारतीयों को भारत भेजा है और आज आम विमान से 12 भारतीयों को भेजा है। इस तरह इनकी संख्या 344 हो गई है। अमेरिका से अवैध प्रवासियों को लाने वाली पहली फ्लाइट 5 फरवरी को भारत के अमृतसर में लैंड हुई। तब इसमें 104 लोग सवार थे, जिनमें 30 पंजाबी थे। इसके अलावा 15 फरवरी को 116 और 16 फरवरी को 112 भारतीयों को लेकर भी अमेरिकी सैन्य उड़ानें भारत पहुंची थीं।