भुवनेश्वर, भुवनेश्वर स्थित कृषि भवन में आयोजित राज्य स्तरीय उद्यानिकी अधिकारी सम्मेलन में ओडिशा के उप मुख्यमंत्री तथा कृषि व किसान सशक्तिकरण मंत्री कनक वर्धन सिंह देव अधिकारियों की कार्यशैली पर जमकर बरसे। सम्मेलन में अधिकारियों के ढुलमुल रवैये, लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली को लेकर उन्होंने कड़ा असंतोष व्यक्त किया और सख्त लहजे में सीधी चेतावनी दी।
विदेश दौरे की रिपोर्ट नहीं देने पर जताई नाराजगी
कृषि मंत्री ने विशेष रूप से इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि उद्यान कृषि से संबंधित विभिन्न अध्ययनों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए देश तथा विदेश दौरे पर जाने वाले अधिकारी लौटने के बाद कोई रिपोर्ट जमा नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा, “सरकार को अंधेरे में मत रखिए, पूरी रिपोर्ट जमा कीजिए। राज्य सरकार कोई रबर स्टैंप नहीं है और न ही मैं कोई रबर स्टैंप हूं। आप सरकार नहीं चला रहे हैं, हम सरकार चला रहे हैं। जो अधिकारी नियमों का पालन नहीं करेगा, वह सीधे अपने घर जाएगा।”
कोल्ड स्टोरेज निर्माण कार्य में सुस्ती पर फटकार
बैठक में राज्य के कोल्ड स्टोरेज बुनियादी ढांचे की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव और अधिक भड़क गए। राज्य सरकार द्वारा पूर्व में राज्य के विभिन्न उप-मंडलों में 58 कोल्ड स्टोरेज बनाने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, सम्मेलन में जब अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में केवल पूरी जिले में एक कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कार्य चल रहा है, तो मंत्री ने कार्य की अत्यंत सुस्त गति पर अधिकारियों की क्लास लगा दी।
लापरवाही नहीं किया जाएगा बर्दाश्त
डिप्टी सीएम कनक वर्धन सिंह देव ने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने और फसलों को खराब होने से बचाने के लिए कोल्ड स्टोरेज नेटवर्क का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की प्रशासनिक लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







