
रायपुर, छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाभियान पूरी गति से संचालित हो रहा है। इसी क्रम में खाद्य सचिव श्रीमती रीनाबाबा साहेब कंगाले ने आज रायपुर जिले के अभनपुर, पचेड़ा और केंद्री धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने धान तौल प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा उपार्जन केंद्रों में पहुंचे किसानों से सीधे चर्चा कर धान विक्रय, टोकन व्यवस्था और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
श्रीमती कंगाले ने कंप्यूटर कक्ष में बैठकर किसानों के रकबा पंजीयन और ऑनलाइन टोकन जारी करने की प्रक्रिया का भी परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र किसान से उसका धान सहजता और सुव्यवस्थित तरीके से खरीदना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कम धान उत्पादन करने वाले किसानों को भी मिलेगा पूरा लाभ
खाद्य सचिव श्रीमती कंगाले ने किसानों को राज्य सरकार के किसान हितैषी निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई किसान एक एकड़ में 10 से 15 क्विंटल धान का ही उत्पादन करता है और उतनी ही मात्रा में धान का विक्रय करता है, तब भी उसे कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देय होगी। उन्होंने अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रत्येक किसान तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी योजना का पूरा लाभ मिल सके।
उन्होंने उपार्जन केंद्रों में धान की विभिन्न किस्मों के व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए मोटा, पतला, महामाया और सुगंधित धान के अलग-अलग स्टेक तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि किसी किसान को रकबा पंजीयन में किसी प्रकार की त्रुटि या परेशानी आ रही है, तो नियमानुसार उसका निराकरण एवं आवश्यक संशोधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान धान विक्रय से वंचित न रहे।







