
0 धान के अवैध भंडारण और स्टॉक में गड़बड़ी रोकने राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों की सतत निगरानी
रायपुर, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण एवं अनियमित कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए धमतरी जिले में प्रशासन द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुरुद विकासखंड के ग्राम भुसरेंगा स्थित भंशाली राइस मिल के भौतिक सत्यापन के दौरान अभिलेखों में दर्ज स्टॉक से 885 कट्टा अतिरिक्त धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को नायब तहसीलदार कुरुद, खाद्य निरीक्षक कुरुद एवं मंडी निरीक्षक कुरुद की संयुक्त टीम ने ग्राम भुसरेंगा स्थित भंशाली राइस मिल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में भंडारित धान की वास्तविक मात्रा का भौतिक सत्यापन किया गया तथा उपलब्ध स्टॉक का संबंधित अभिलेखों एवं पंजी में दर्ज विवरण से मिलान किया गया। जांच में अभिलेखों के अनुसार उपलब्ध धान की मात्रा और मौके पर पाए गए वास्तविक स्टॉक में अंतर सामने आया। मिल परिसर में निर्धारित अभिलेखीय मात्रा से 885 कट्टा धान अतिरिक्त पाया गया।

संयुक्त जांच दल ने स्टॉक में पाई गई इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की। मौके पर पंचनामा तैयार कर अतिरिक्त पाए गए 885 कट्टा धान की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई। जब्त धान को नियमानुसार मिल संचालक की सुपुर्दगी में रखा गया है।
धमतरी जिले के चर्रा, बिरझूली और सेमरा में दबिश, 120 कट्टा धान जब्त
धमतरी जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर 120 कट्टा धान जब्त किया गया, वहीं 13 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।कुरुद तहसील के ग्राम चर्रा में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने फुटकर व्यापारी ओमप्रकाश महावर के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 13 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। भंडारण संबंधी अनियमितता सामने आने पर संयुक्त जांच दल ने मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की।
इसी तरह ग्राम बिरझूली में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान छोटे व्यापारी राजेंद्र साहू के पास निर्धारित मात्रा से अधिक धान भंडारित पाया गया। संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मौके से 80 कट्टा धान जब्त किया। ग्राम सेमरा में फुटकर व्यापारी रमेश खंडेलवाल के दुकान परिसर की जांच के दौरान 40 कट्टा अवैध रूप से भंडारित धान पाया गया।
*बिलाईगढ़ में 2,700 बोरी और सालर में 98 कट्टा धान जब्त
अवैध धान भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई के तहत बिलाईगढ़ स्थित मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के प्रतिष्ठान से 2,700 बोरी धान जब्त किया गया। इसी प्रकार सालर में एसडीएम द्वारा धान भंडारण की जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 98 कट्टा धान की जब्ती की गई। दोनों मामलों में प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।
*साहू ट्रेडर्स और सलिहा घाट चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण
तहसीलदार भटगांव ने साहू ट्रेडर्स,अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट तथा सलिहा घाट धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान के आवागमन, निगरानी व्यवस्था और उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए।
*21 चेकपोस्टों से धान के अवैध परिवहन पर निगरानी*
जिले में धान के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 21 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। इन चेकपोस्टों के माध्यम से धान के आवागमन पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे धान को समर्थन मूल्य की खरीदी व्यवस्था में खपाने की संभावनाओं पर रोक लगाई जा सके।







