
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के प्रमुख त्योहार, तीज के ठीक पहले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा अचानक एक दर्जन लोकल पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किए जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया है। उरकुरा – रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 13 और 14 सितम्बर को यह लोकल ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
रेलवे के इस फैसले से विशेष रूप से छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, तीज में आने-जाने और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। तीज पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार अपने मायके या रिश्तेदारों के घर आते-जाते हैं। ऐसे समय में बस और अन्य परिवहन साधनों पर दबाव बढ़ जाता है, और लोकल ट्रेनें ही मध्यम एवं निम्न वर्ग के लिए सबसे सुलभ व सस्ती लाइफलाइन होती हैं।
लेकिन अचानक 10 ट्रेनों के पूर्ण रूप से रद्द होने और 2 ट्रेनों के आंशिक रद्द होने से यात्रियों का पूरा यात्रा प्लान बिगड़ गया है। बड़े स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का विकल्प फिर भी उपलब्ध रहता है, लेकिन छोटे-छोटे स्टेशनों और हॉल्ट पर केवल मेमू व पैसेंजर ट्रेनें ही रुकती हैं। इन स्टेशनों के यात्रियों के पास अब आवाजाही का कोई सुलभ साधन नहीं बचा है।
रेलवे के इस अचानक लिए गए फैसले से लोगों भारी नाराजगी का माहौल है। रेलवे द्वारा त्योहार के सीजन में अचानक ट्रेनों के कैंसिल होने से यात्रियों को अब महंगे निजी साधनों या खचाखच भरी बसों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे आम जनता पर आर्थिक और मानसिक बोझ दोनों बढ़ना तय है। रेलवे को उसकी चिंता नहीं है।
13 एवं 14 को रद्द होने वाली ट्रेनों की सूची
रेलवे द्वारा 13 सितंबर को 68728 रायपुर- बिलासपुर मेमू पैसेंजर, 68734 बिलासपुर- गेवरा रोड मेमू पैसेंजर, 68733 गेवरा रोड- बिलासपुर मेमू पैसेंजर, 68719 बिलासपुर- रायपुर मेमू पैसेंजर, 58203 कोरबा – रायपुर पैसेंजर, 58205 रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पैसेंजर, 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर के साथ 68862 झारसुगुड़ा- गोंदिया मेमू बिलासपुर में ही समाप्त कर दी. जाएगी। वहीं 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर स्टेशन से शुरू होगी। यह ट्रेन गोंदिया से बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी। इसी तरह 14 सितंबर को 58204 रायपुर – कोरबा पैसेंजर, 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर और 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।







