रायपुर, भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर (आईआईएम रायपुर) ने अपने प्रतिष्ठित एमबीए बैच 2026–28 और पीएचडी बैच 2026 के स्वागत हेतु तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया है। इस उद्घाटन समारोह में उद्योग जगत के नामचीन विशेषज्ञों, वरिष्ठ संकाय सदस्यों, शोधार्थियों तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें अमेरिका स्थित एक्सेंचर के प्रबंध निदेशक जी. एस. राव (वर्चुअल माध्यम से), वनमैग्निफाई इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य अतिथि वेंकटेश किडांबी, आईआईएम रायपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव प्रशर, डीन (अकादमिक) प्रो. एम. कन्नदासन, एमबीए कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. परीक्षित चरण, प्रवेश समिति अध्यक्ष प्रो. आर. के. जना तथा डॉक्टोरल कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. प्रद्युम्न दास विशेष रूप से शामिल रहे।

संस्थान के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव पराशर ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रबंधन शिक्षा के साथ आने वाले नए अवसरों, चुनौतियों और उत्तरदायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और ऐसे भविष्य-उन्मुख नेताओं के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, जो आगे चलकर समाज में अपना सार्थक और सकारात्मक योगदान देने में सक्षम बन सकें। इस अवसर पर प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रो. आर. के. जना ने नए एमबीए बैच की विविधता और शानदार शैक्षणिक स्तर का परिचय देते हुए बताया कि इस सत्र में देश के 28 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से कुल 336 विद्यार्थी शामिल हुए हैं। इस बैच की मजबूत क्षमता को दर्शाते हुए उन्होंने जानकारी दी कि इनमें से 110 विद्यार्थियों के पास पहले से कार्यानुभव है, जबकि 226 विद्यार्थी नवस्नातक हैं। विशेष रूप से, इस पूरे बैच का औसत कैट (CAT) पर्सेंटाइल 89.56 रहा है और 10 विद्यार्थियों ने 99 पर्सेंटाइल से अधिक का असाधारण अंक प्राप्त किया है।
इसके साथ ही, संस्थान ने अपने विकसित होते शोध पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूती देते हुए पीएचडी बैच 2026 का भी गर्मजोशी से स्वागत किया। इस नए समूह में पाँच मुख्य शोध क्षेत्रों—ऑपरेशंस मैनेजमेंट एवं डिसीजन साइंसेज़, मानव संसाधन प्रबंधन एवं संगठनात्मक व्यवहार, विपणन, वित्त एवं लेखा, तथा रणनीति एवं उद्यमिता—के लिए कुल 13 उत्कृष्ट शोधार्थियों का चयन किया गया है। यह विशिष्ट समूह आईआईएम अहमदाबाद, आईआईएम लखनऊ, आईआईएम अमृतसर, आईआईटी हैदराबाद, आईआईटी खड़गपुर, एनआईटी रायपुर एवं आईआईएसईआर तिरुपति जैसे देश के अग्रगण्य व प्रतिष्ठित संस्थानों के मेधावी विद्यार्थियों को एक मंच पर साथ लेकर आया है। उद्घाटन के तकनीकी सत्रों के दौरान अमेरिका स्थित एक्सेंचर के प्रबंध निदेशक जी. एस. राव ने तीव्र तकनीकी परिवर्तन के इस वर्तमान दौर में अनुकूलनशीलता, निरंतर सीखने और उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व के महत्व पर विशेष बल दिया।







