BANGLADESH; उस्मान हादी की मौत के बाद जल उठा बांग्लादेश, ढाका से चटगांव तक हिंसा, भारत ने जारी की एडवाइजरी

ढाका, बांग्लादेश में शेख हसीना विरोधी आंदोलन के प्रमुख छात्र नेता और इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत हो गई। 32 वर्षीय हादी को पिछले सप्ताह शुक्रवार 12 दिसम्बर को ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान बाइक सवार बंदूकधारियों ने गोली मार दी थी। हादी के सिर में गोली लगी थी जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उन्हें एयर एंबुलेंस से सिंगापुर ले जाया गया। हादी को सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के मुख्य सलाकार मोहम्मद यूनुस ने एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। वहीं, मौत की खबर मिलते ही गुरुवार देर रात ढाका समेत बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा भड़क उठी है।
उस्मान हादी का पार्थिव शरीर आज शाम पहुंचेगा बांग्लादेश
इंकलाब मंच ने बताया है कि शरीफ उस्मान हादी का पार्थिव शरीर शुक्रवार को बांग्लादेश वापस लाया जाएगा। शुक्रवार सुबर एक फेसबुक पोस्ट में संगठन ने बताया कि हादी के शव को बांग्लादेश एयरलाइंस की कमर्शियल फ्लाइट से ढाका लाया जाएगा, जो सिंगापुर से स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3.50 बजे उड़ान भरेगी। फ्लाइट के ढाका स्थित शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बांग्लादेश के स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6.05 बजे लैंड होने की उम्मीद है। हादी की पहली नमाज-ए-जनाजा शुक्रवार सुबह सिंगापुर की अंगुलिया मस्जिद में होगी। दूसरे जनाजे की नाम ढाका के मानिक मिया एवेन्यू में जुहर (दोपहर) की नमाज के बाद होगी।
उस्मान हादी की मौत ढाका में प्रदर्शन, शेख मुजीब के घर पर लगाई आग
उस्मान हादी की मौत की खबर मिलते ही हजारों लोग शाहबाग चौराहे पर जमा हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर हादी की रक्षा में नाकाम रहने का आरोप लगाया। जल्दी ही ये प्रदर्शन हिंसक हो गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। ढाका में धनमंडी स्थित शेख मुजीबुर रहमान के घर में आग लगा दी गई। पिछले साल जुलाई विद्रोह के बाद इस घर को कई बार निशाना बनाया गया है। वर्तमान में यह बुरी हालत में है। राजशाही में प्रतिबंधित अवामी लीग के दफ्तर को आग लगा दी गई।
प्रथम आलो और डेली स्टार का दफ्तर जलाया
बांग्लादेश के सबसे बड़े अखबार प्रथम आलो के ढाका स्थित दफ्तर को रात में आग के हवाले कर दिया गया। उस दौरान कर्मचारी दफ्तर के अंदर मौजूद थे। एक प्रमुख अखबार डेली स्टार के दफ्तर में भी पथराव के बाद आग लगा दी गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि कई कर्मचारी इन दफ्तर के अंदर फंसे हुए थे।
ढाका यूनिवर्सिटी में निकाला मार्च, भारत के खिलाफ नारेबाजी
ढाका यूनिवर्सिटी के छात्रों ने शरीफ उस्मान हादी की मौत पर शोक जताते हुए गुरुवार रात को रैली निकाली। यह रैली रात करीब 10.30 बजे शुरू हुई। मार्च के दौरान अवामी लीग, अंतरिम सरकार और भारत के खिलाफ नारेबाजी की गई। शाहबाग चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों को सजा देने की मांग करते हुए नारे लगाए। इस दौरान यूनुस सरकार पर हादी की हत्या को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन के सोशल सर्विस सेक्रेटरी एबी जुबैर ने कहा, इस नाकाम अंतरिम सरकार की वजह से आज हादी को शहीद होना पड़ा।
भारतीय उप उच्चायोग पर पथराव
शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद चटगांव में भारतीय उप उच्चायोग की बिल्डिंग के बाहर प्रदर्शनकारी जमा हो गए। इस दौरान उप उच्चायोग की इमारत पर पथराव किया गया। रात करीब 11 बजे मिशन के खुलशी दफ्तर के बाद भीड़ ने हादी की हत्या को लेकर अवामी लीग और भारत के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारी भारतीय आक्रामकता को खत्म करो और लीग के लोगों को पकड़ो और मार डालो के नारे लगा रहे थे।
भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा के बीच भारत में बाग्लादेश में रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने गुरुवार रात जारी एडवाइजरी में बांग्लादेश में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्यों और भारतीय छात्रों से स्थानीय यात्रा से बचने और अपने रहने की जगह से बाहर कम से कम निकलने की अपील की है। इसके साथ ही आपातस्थिति में बांग्लादेश उच्चायोग और सहायक उच्चायोग से संपर्क करने को कहा गया है। इसके साथ ही नंबर जारी किए हैं।
हाई कमीशन, ढाका- +880-1937400591
असिस्टेंट हाई कमीशन, चटगांव- +880-1814654797/+880-1814654799)
असिस्टेंट हाई कमीशन, सिलहट +880-1313076411
असिस्टेंट हाई कमीशन, खुलना +880-1812817799
असिस्टेंट हाई कमीशन, राजशाही +880-1788148696




