CONGRESS; कांग्रेस विधायक दल में लखेश्वर को उपनेता,दलेश्वर को मुख्य सचेतक एवं दिलीप को ‘उप सचेतक‘ की नई जिम्मेदारी - thepatrakar
राजनीति

CONGRESS; कांग्रेस विधायक दल में लखेश्वर को उपनेता,दलेश्वर को मुख्य सचेतक एवं दिलीप को ‘उप सचेतक‘ की नई जिम्मेदारी

0 छत्तीसगढ़ विधायी दल की नई नियुक्तियों पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

रायपुर, छत्तीसगढ विधानसभा में बजट सत्र के पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल में तीन विधायकों की नई नियुक्तियां की गई है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को ‘उपनेता‘,डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू को ‘मुख्य सचेतक‘ एवं मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को ‘उप सचेतक‘ की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसका प्रभाव विधान सभा के बजट सत्र में पडेगा। कांग्रेस का प्रदर्शन मुखर हो सकता है।

बहरहाल नई नियुक्ति का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस निर्णय के लिए कांग्रेस अध्यक्ष, मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी , संगठन महासचिव के,सी, वेणुगपाल और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट का आभार व्यक्त किया है।

डॉ. महंत ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को ‘उपनेता‘ नियुक्त होने पर बधाई। उनके अनुभव से सदन में विपक्ष की आवाज और मजबूत होगी। डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू को ‘मुख्य सचेतक‘ बनाए जाना हर्ष का विषय है, विधायी कार्यों में उनका समन्वय सराहनीय रहेगा। उन्होंने मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को ‘उप सचेतक‘ की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने विश्वास जताया है कि यह नई टीम सदन के भीतर जनता के मुद्दों को पूरी प्रखरता से उठाएगी और छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठन और विधायी दल को नई ऊर्जा मिलेगी।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक सोमवार को

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र को लेकर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक सोमवार की शाम 4 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आहुत की गयी है। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। उक्त बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं अन्य वरिष्ठ नेतागण शामिल होंगे। उक्त बैठक की जानकारी छत्तीसगढ प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पीसीसी से संबद्ध नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के मीडिया प्रभारी घनश्याम राजू तिवारी ने दी है।

Related Articles

Back to top button